कोरोना संक्रमण के चलते जनता कर्फ्यू और अब लॉकडाउन से बाजार बंद हैं। इस स्थिति में कई बेसहारा और जरूरतमंद लोग भूख से व्याकुल हैं। इन परिस्थितियों में इनकी मदद करना भी हमारी जिम्मेदारी बनती है। रविवार को जनता कर्फ्यू खुलते ही समाजसेवी संस्था हल्ला बोल समिति के नवल गुप्ता जो खुद रेस्टोरेंट संचालक हैं उनको इस तरह के लोगों की याद आईं। और इसके बाद शाम को जनता कर्फ्यू खुलते ही स्टेशन पर समिति सदस्यों के साथ पहुंचे और जरूरतमंदों को भोजन कराया जो दिन भर से भूखे थे।
इसके बाद सोमवार को भी दोपहर बाद उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सोशल मीडिया से मिली जानकारी के बाद लोगों को पहुंचकर भोजन वितरित किया। भोजन वितरण से पहले समिति सदस्यों द्वारा लोगों के हाथ सेनेटाइजर से धुलाएं। इस मौके पर नीरज जैन, संतोष शर्मा, आशीष जैन आदि मौजूद रहे। शहर में फिलहाल 25 मार्च तक लॉक डाउन हैं। इस स्थिति में आप भी जरूरतमंदों की मदद कर सकते हैं।
शहीदों को पुष्प अर्पित किए फिर पहनाई माला
वहीं दूसरी तरफ गोकुल समाज सेवा संस्थान ने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर शहीद दिवस मनाया। इससे पहले संस्थान के सदस्य कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और 1-1 फीट की दूरी बनाकर सेनेटाइजर से हाथ साफ कर प्रतिमाओं को पुष्प अर्पित किए। दरअसल पंवारगढ़ के पूर्व सरपंच राजेन्द्र सिंह के निवास पर इन शहीदों की प्रतिमाओं को रखा गया है। अब तक इन प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए जगह उपलब्ध नहीं हो पाई है, जबकि करीब 3 साल पहले संस्थान सदस्यों ने प्रतिमा त्रिदेव मंदिर तिराहे पर स्थापित करने का प्रयास किया था उस समय पुलिस इन प्रतिमाओं को छुड़ाकर ले गई थी। इसके बाद जिला पंचायत की बैठक में दो बार जिपं सदस्य शीतल सतेन्द्र कलावत ने प्रतिमाओं को स्थान उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया था लेकिन प्रतिमाएं स्थापित नहीं हो पाईं।