सुबह परिजन ने कहा-4 नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म हुआ, शाम को पुलिस बोली- सिर्फ छेड़खानी हुई

रांची. खूंटी के काला माटी में गुरुवार की सुबह चार नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि फूंदी गांव की 6 लड़कियां मेला देखकर वापस लौट रही थी। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें अगवा किया। इस दौरान दो लड़कियां उनके चंगुल से भाग निकली। बाकी 4 लड़कियों को बदमाश हादूतामी गांव ले गए, वहां एक घर में उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यहा बात परिजनों व मुखिया ने बताई। मामला सामने आने के बाद रांची से डीआईजी और पुलिस गांव पहुंची। दोपहर को खूंटी एसपी आशुतोष शेखर ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। सभी पीड़ित लड़कियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।

हालांकि, शाम होते-होते इस मामले की दूसरी कहानी सामने आ गई। खूंटी एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस कॉफेंस की। इसमें उन्होंने कहा कि सभी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म नहीं बल्कि छेड़खानी की घटना हुई थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस और सीआईडी ने पूरे मामले की जांच की। इस दौरान जिस मेले में लड़कियां गई थीं, वहां पूछताछ की गई। लड़कियों से भी पूछताछ की गई। इस आधार पर यह पता चला कि लड़कियों के साथ छेड़खानी हुई है। रास्ते में आरोपी लड़कियों को बाइक में जबरदस्ती बैठाकर अगवा करने की कोशिश कर रहे थे, तभी चलती बाइक से कूदने की वजह से एक लड़की को चोट लगी है। उन्होंने कहा कि मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुबह: आरोपियों के घर में मिली थी लड़कियां
मामला सामने आने के बाद जो जानकारी आई उसके मुताबिक, पीड़ित लड़कियों की उम्र 12 से 15 साल के बीच है। सभी पांचवीं-छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गया कि सभी 6 लड़कियां मेला देखकर लौट रहीं थीं। रास्ते में तीन बाइकों पर सवार 6 लड़के आए और लड़कियों को अगवा करके ले गए। इस दौरान दो लड़कियां मौके से आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गई। इन्होंने परिजन और गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन लड़कियों को बताई जगह पर पहुंचे। वहां पर एक घर से लड़कियों को मुक्त कराया गया। परिजन ने घटना की जानकारी मुखिया को दी। मुखिया ने पुलिस को सूचना दी।

सपी ने कहा- जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की गई
वहीं, एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस कॉफेंस में दावा किया कि लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटना हुई थी। मेले से घर लौटते वक्त रास्ते में बाइक सवार 5 युवक आ गए। उन्होंने लड़कियों के साथ छेड़खानी की और जबदरस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की। इसमें एक लड़की बाइक से गिर गई। इससे उसे चोट आई है। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसमें एक आरोपी नाबालिग है।

2018 में भी हुई थी सामूहिक दुष्कर्म की घटना
2018 में भी खूंटी के कोचांग इलाके में नाटक मंडली की 5 लड़कियों से गैंगरेप की घटना हुई थी। इसमें सात लोगों को अभियुक्त बनाया गया था। आरोपियों में कुछ पत्थरगढ़ी के समर्थक भी थे। लड़कियां कोचांग के स्टॉपमन मध्य विद्यालय में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर रहीं थीं। 15 मिनट बाद दो बाइक पर सवार पांच लोग वहां पहुंचे। तीन युवक लड़कियों को बंदूक की नोक पर कार से बाहर ले गए और उनके साथ ज्यादती की।